दुकान का निरीक्षण कर जानकारी लेते डीएम व एसपी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। डीएम अवधेश कुमार तिवारी व एसपी मणिलाल पाटीदार ने नगर क्षेत्र में भ्रमण कर बैंक, डाकखाना व दुकानों का निरीक्षण किया। अफसरों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि ग्राहकों के लिए दुकान के सामने एक-एक मीटर की दूरी पर गोला बनाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं। सामान देते समय जरूरी सावधानी बरतें।
डीएम ने कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों पर भीड़ होने की स्थिति में जिला प्रशासन को तत्काल सूचना दें। उचित मूल्य से अधिक कीमत पर सामान की बिक्री कतई न की जाए। यदि ऐसा कोई भी मामला संज्ञान में आता है तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी काईवाई की जाएगी। भ्रमण के दौरान अफसरों ने बैंकों व डाकखाने में जाकर स्थिति का जायजा लिया। वहां मौजूद स्टाफ को सावधानियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले डीएम व एसपी ने विकासखंड कबरई के अंतर्गत ग्राम खन्ना, चिचारा, मवईखुर्द, पुरा, ग्योंडी का भ्रमण किया। डीएम ने लोगों से अनाज वितरण की जानकारी ली। लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करने के लिए कहा।