कबरई (महोबा)। जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी ने सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी हीरा सिंह के साथ विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। अफसरों ने पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाए जा रहे आधा दर्जन मार्गों का औचक निरीक्षण कर हकीकत परखी। डीएम ने गुणवत्तापूर्ण व समय से काम पूरा न होने पर फटकार लगाते हुए ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कबरई से कुनैटा, सिचौरा से धरौन, परसाहा से सुरहा, सुरहा से ऐचाना, ग्योंड़ी से कोहारी, बहिंगा से सिरसी कलां व सिरसी कलां से कैमाहा आदि मार्गों को देखा। इस दौरान उन्होंने अपनी उपस्थिति में सड़कों को बीच में खुदवाकर उनकी गुणवत्ता परखी। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा गुणवत्तापूर्ण व समय के कार्य न किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मोहम्मद कलीम को निर्देश दिए कि जिले में विभाग की निर्माणाधीन सड़कों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्मित कराएं। जिन ठेकेदारों ने कार्य समय से व मानकों के अनुसार नहीं किया है उन पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
निरीक्षण में डीएम ने ग्राम कोहारी में लोगों की राशन व आवासों के संबंधित समस्याओं को सुना। उन्होंने सीडीओ को निर्देश दिए कि आवासों की स्थिति को स्वयं देख लें। राशन कार्डों की समस्याओं के निस्तारण के लिए डीएम ने एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि कानूनगो और लेखपालों की टीम वनाकर गांव का सर्वे कराएं ताकि एक भी पात्र व्यक्ति राशन व अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे।