महोबा। कोरोना महामारी को लेकर जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी व एसपी मणिलाल पाटीदार ने गुरुवार को उपकारागार व जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने डिप्टी जेलर को जेल के अंदर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और मौजूद बंदियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि यह भी ध्यान रखें कि खाना लेते समय एक जगह भीड़-भाड़ न हो।
जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में कोरोना आइसोलेशन वार्ड के निरीक्षण के दौरान सीएमएस को निर्देश दिए कि कोरोना की जांच अब झांसी मेडिकल कॉलेज में भी होने लगी है। इसलिए वे वहां बात कर महोबा से सैंपल भेजना सुनिश्चित करें ताकि समय की बचत हो सके। अभी तक महोबा जनपद से जांच के सैंपल सैफई आयुर्विज्ञान संस्थान इटावा में भेजे जा रहे थे।
सैंपल की स्थिति पूछने पर सीएमएस डॉ. आरपी मिश्रा ने बताया कि 8 अप्रैल तक कोरोना संदिग्ध 7 लोगों के सैंपल भेजे गए थे, जबकि गुरुवार को दो सैंपल लिए गए हैं। डीएम ने सीएमएस को कोरोना वार्ड की नियमित सफाई कराते हुए क्वारंटीन लोगों के लिए मास्क व सैनिटाइजर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उपकारागार के निरीक्षण में अफसरों ने व्यवस्थाएं परखीं। साथ ही करोना संक्रमण से बचाव के लिए साफ सफाई व सामाजिक दूरी का पालन कराने के निर्देश दिए।
महोबा। डीएम अवधेश कुमार तिवारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना धीरे-धीरे पूरे देश में बड़ी तेजी से पैर पसार रहा है। इसलिए सभी लोग पूरी गंभीरता के साथ सामाजिक दूरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक बीमारी से बचने के लिए यही एक मात्र उपाय है। सभी लोग हर 30 मिनट पर अच्छी तरह से हाथ धोएं और मुंह ढकने के लिए मास्क आदि का इस्तेमाल करें। पूजा अर्चना आदि कार्य घर में ही संपंन करें। बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, इसी में हम सबकी भलाई है।