महोबा। जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने जिले में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को बिना किसी विलंब के गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी की समीक्षा में नई व पुरानी सड़कों की प्रगति शून्य मिलने पर डीएम भड़क उठे। उन्होंने नाराजगी जताते हुए सड़कों का निर्माण समय सीमा के अंदर कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सभी सीएचसी व पीएचसी में दवाओं की पूर्ति के बारे में सीएमओ डॉ. सुमन से जानकारी ली। निर्देश दिए कि एंबुलेंस में एमटी को पूरी दवाओं में बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने खसरा व हेपेटाइटिस बी टीकाकरण शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। यूपीपीसीएल द्वारा निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरेला का कार्य पूर्ण होने पर लाइट फिटिंग करके हैंडओवर करने की बात कहीं। बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह येाजना के तहत 14 नवंबर को 151 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जोड़े को तीन हजार रुपये कीमत का मोबाइल सेट व कन्याओं को दी जाने वाली ज्वैलरी की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए।
कहा कि जिन ग्रामों में जिस विभाग के कार्य अधूरे हैं, उनको जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए।
आंगनबाड़ी, आजीविका मिशन, मनरेगा आदि की समीक्षा के दौरान डीएम ने कहा कि मनरेगा के मजदूरों को भुगतान में लेट लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी एसपी शाक्य को शत प्रतिशत आधार फीडिंग करने के निर्देश दिए। पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों से कहा कि किसी भी तरह का कूड़ा न जलाया जाए। किसानों द्वारा फसलों का अवशेष जलाने पर एफआईआर जैसे कार्रवाई की जाए। बीएसए को सभी छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क यूनीफार्म, स्वेटर, बैग व जूते मोजे का वितरण शीघ्र कराने के निर्देश दिए। पनवाड़ी ब्लाक के 5 ग्रामों में 7 कुपोषित बच्चे शेष मिलने पर डीएम ने नोडल अधिकारियों को बच्चों को लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ हीरा सिंह, परियोजना निदेशक डीएन पांडे, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम, डीआईओएस एसपी सिंह समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।