महोबा। जिलाधिकारी प्रभास कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में वीबी जीरामजी योजना की समीक्षा बैठक हुई। योजना के तहत मानव दिवस सृजन की समीक्षा के दौरान वर्तमान में वित्तीय वर्ष की अपेक्षा प्रगति काफी कम पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
डीएम ने उपायुक्त (श्रम-रोजगार) को निर्देश दिए कि मानव दिवस सृजन की प्रगति में तत्काल सुधार लाया जाए। सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि हर ब्लॉक प्रतिनिधि निर्धारित मानव सृजन का लक्ष्य अनिवार्य रूप से पूरा करना सुनिश्चित करें। कहा कि योजना के तहत सभी कार्यों का निर्धारित मानक के अनुसार सत्यापन कराया जाए और श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा गूगल शीट व एमआईएस पोर्टल पर प्रगति संबंधी सूचनाएं प्रतिदिन अपडेट की जाएं। निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिंहित कर उनकी कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें तालाब निर्माण-जीर्णोद्धार, सामुदायिक कैटल शेल्टर, सिंचाई नाली, पुस्तकालय, खेल मैदान, स्वयं सहायता समूह वर्क शेड आदि उपयोगी कार्यों को शामिल किया जाए। चिंहित कार्यों को शीघ्र शुरू करते हुए निर्धारित समयसीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए।