महोबा। रोशनी के पर्व दीवाली को लेकर घर-घर में विशेष तैयारियां की जा रहीं हैं। लक्ष्मी-गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना को लेकर घरों और दुकानों में आकर्षक सजावट की जा रही है। शनिवार को पूजा सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ विभिन्न रंगों की झालरों और मोम के आकर्षक दीपों की सर्वाधिक बिक्री हुई। रविवार को दिवाली पर्व पर पूरा जिला सतरंगी रोशनी से जगमगाएगा।
दिवाली पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। एक पखवारे से घरों में रंगाई-पुताई कराई गई। अब दुकानों और मकानों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है। पर्व से एक दिन पूर्व बाजार खरीदारों से गुलजार रहे। शहर के ऊदल चौक में लगी पूजा सामग्री, मिट्टी व मोम के दीयों, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, पोस्टर, माला व अन्य सामग्री की दुकानों में ग्राहकों की भारी भीड़ जुटी रही। पर्व को लेकर लोगों ने दिल खोलकर सामान की खरीदारी की। इसके अलावा घरों व दुकानों को सजाने के लिए बाजार में विभिन्न प्रकार की झालरें सजी रहीं। जिनकी खरीदारी के लिए लोगों में होड़ मची रही।
ज्योतिषाचार्य पं. भरत त्रिपाठी बताते हैं कि दिवाली पर्व पर रविवार को पूजा के लिए शुभ मुहूर्त शाम 6 बजे से 8 बजे तक है। दुकानों में शाम 5 बजे के बाद बहीखातों का पूजन शुभ हैं। इस दौरान लक्ष्मी-गणेश की विधि-विधान से पूजा करने से धन-धान्य और परिवार में सुख-समृद्धि रहती है।