महोबा। जनपद के दिव्यांगों को निशुल्क कृत्रिम हाथ व पैर लगाने के लिए विभाग की ओर से आवेदन मांगें गए हैं। विभागीय अधिकारी ने अधिक से अधिक दिव्यांगों से आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की है। ऐसे आवेदकों को योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा, जो पिछले तीन वर्षों में शासकीय स्तर से उपकरण प्राप्त किए हों। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से संचालित कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण योजना के तहत जिले के ऐसे दिव्यांग जिनके हाथ या पैर किसी दुर्घटना व बीमारी से कट गए हैं, उन्हें कृत्रिम हाथ और पैर निशुल्क दिए जाएंगे। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी हर्षवर्धन नायक ने बताया कि इस कल्याणकारी योजना का उद्देश्य दिव्यांगों को शारीरिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। बताया कि आवेदक का जिले का स्थायी निवासी होना चाहिए। साथ ही सीएमओ से जारी न्यूनतम 40 प्रतिशत या उससे अधिक का दिव्यांगता प्रमाण, वार्षिक पारिवारिक आय ग्रामीण क्षेत्र में 46,080 और शहरी क्षेत्र में 56,460 रुपये से अधिक न हो, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय, आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र व दो पासपोर्ट साइज फोटो होना जरूरी है। आवेदक मूल दस्तावेजों और उनकी छायाप्रतियां स्व प्रमाणित करके किसी भी दिवस में कार्यालय में जमा कर सकते हैं। संवाद