महोबा। शहर के मोहल्ला समदनगर में ढोंगी साधु को एक महिला से अश्लील हरकतें करना महंगा पड़ गया। महिलाओं ने ढोंगी साधु को लाठी-डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। सबक सिखाने के लिए उसके बाल काट दिए। हालांकि महिलाओं ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की और आरोपी को छोड़ दिया।
मोहल्ला समदनगर में एक महिला घर के दरवाजे पर बैठी थी। तभी एक युवक साधु की वेशभूषा में वहां पहुंच गया और महिला से अश्लीलता करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास की महिलाएं आ गईं और ढोंगी की जमकर पिटाई की। साथ ही उसके सिर के बाल काट दिए। बाद में ढोंगी साधु को छोड़ दिया। कहीं शिकायत दर्ज कराए बिना वह वहां से भाग गया।
रविवार को ढोंगी साधु की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दो महिलाएं साधु वेशधारी युवक को डंडे से पीटते हुए नजर आ रहीं हैं। यह वीडियो पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि घटना की किसी प्रकार की सूचना व तहरीर नहीं दी गई है। जानकारी करने पर मध्यप्रदेश का कोई युवक बताया जा रहा है।