महोबा। विश्व हिंदू महासंघ की ओर से रविवार को शहर में विशाल जनजागरण संकीर्तन यात्रा निकाली गई। जिसमें भक्त हाथों में भगवा ध्वज लेकर रामधुन गाते चलते रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स भी शामिल रहा।
शहर के बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर से शुरु हुई जनजागरण संकीर्तन यात्रा डीएम आवास, परमानंद चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, आल्हा चौक, तहसील चौराहा, डाकबंगला होते हुए गुजरी। इस दौरान डीजे की धुन पर बज रहे भक्तिगीतों में युवा थिरकते चलते रहे। मंदिर के संरक्षक शिवकुमार गोस्वामी ने बताया कि संकीर्तन यात्रा का उद्देश्य भारतीय और सनातन संस्कृति से युवाओं को जोड़ना है। तभी राष्ट्रीय एकता मजबूत होगी। यात्रा के समापन पर प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंडल प्रभारी दीपक शुक्ला, जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी समेत तमाम भक्त मौजूद रहे।
महाराजा अग्रसेन का बनेगा भव्य मंदिर
महोबा। अग्रवाल समाज की ओर से शाहपहाड़ी नहर के पास महाराजा अग्रसेन और कुलदेवी महालक्ष्मी के भव्य मंदिर के निर्माण को लेकर शिलान्यास व भूमिपूजन 24 मार्च को होगा। इस दौरान अग्रवाल परिवार परिचय पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत गर्ग, सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, गोपालशरण गर्ग व अरुण अग्रवाल अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समिति के अध्यक्ष विदुर गोयल ने बताया कि कार्यक्रम सुबह साढ़े नौ बजे होगा। (संवाद)