महोबा। जनपद में वायरल बुखार के साथ डेंगू लोगों को परेशान कर रहा है। ऐसे में डॉक्टर मरीजों को घटी प्लेटलेट्स बढ़ाने के साथ इम्युनिटी सिस्टम मजबूत करने वाले फलों का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। यही वजह है कि लोग कीवी और पपीता को प्राथमिकता दे रहे हैं। इनकी कीमतें पांच से 10 रुपये तक बढ़ गई हैं।
मौसमी बीमारियों के साथ वायरल व डेंगू के प्रकोप के चलते कीवी की मांग में पिछले एक माह में इजाफा देखने को मिला है। पिछले माह 25 रुपये प्रति पीस बिकने वाली कीवी अब 30 रुपये प्रति पीस बिक रही है। वहीं 50 रुपये प्रति किलो बिकने वाला पपीता 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। फल विक्रेता विजय वर्मा, दानिश आदि ने बताया कि अब वायरल और डेंगू के तेजी से बढ़े मामलों के बाद कीवी की मांग में इजाफा हुआ है। प्लेटलेट्स बढ़ाने के लिए लोग कीवी के अलावा पपीता, अनार व मौसमी को कारगर मानते हैं।
प्लेटलेट्स और इम्युनिटी बढ़ाने में कीवी फायदेमंद
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. गुलशेर अहमद ने बताया कि एक कीवी फल में 64 मिलीग्राम विटामिन-सी होता है। प्लेटलेट्स के फंक्शन के लिए विटामिन-सी की अधिक आवश्यकता होती है। इससे प्लेटलेट्स जल्दी बढ़ती हैं। विटामिन आयरन के अवशोषण में भी मदद करता है। इसके अलावा एक कीवी में पांच माइक्रोग्राम विटामिन-के होता हैं। जो प्लेटलेट बढ़ाने में सहायता करता है। कीवी में पोटेशियम व कॉपर भी पाया जाता है।