महोबा/बेलाताल। आल्हा-ऊदल की वीरता के प्रतीक ऐतिहासिक कजली मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिए जाने की मांग तेज हो गई है।
सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कजली मेले को राजकीय मेला घोषित कराने की मांग रखी। सदर विधायक ने 200 बेड के अस्पताल व ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास करने, विजय सागर पक्षी विहार को महोबा वन विभाग से समायोजित करने की अपील भी की।
वहीं, राजकीय महिला महाविद्यालय स्थापित कराने, चंद्रावल बांध का उच्चीकरण कराने की मांग की। बेलाताल संवाद के अनुसार चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने स्वतंत्रता सेनानी स्व. मुंशी मंटीलाल और उनकी पत्नी सरस्वती देवी के नाम पर अस्पताल व सरकारी भवनों का नामकरण करने की मांग की। (संवाद)
मेले से पहले हटवाई जाए कीरत सागर की जलकुंभी
महोबा। कीरत सागर तट पर लगने वाले कजली मेले को लेकर समाजसेवियों ने तालाब से जलकुंभी हटवाने की मांग की है।
समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, अल्ताफ हुसैन, व्यापारी नेता रामजी गुप्ता आदि ने जिलाधिकारी मृदुल चौधरी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मेले में हजारों की संख्या में लोग आते हैं।
मेले से पहले कीरत सागर की जलकुंभी साफ कराई जाए। शहर के प्रमुख चौराहों की सफाई व पुताई के साथ लाइटिंग की व्यवस्था की जाए। स्ट्रीट लाइट ठीक कराते हुए सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। (संवाद)