तहसील में प्रदर्शन करते बजरंग दल कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पैथालॉजिस्ट की तैनाती न होने से जिला अस्पताल का ब्लड बैंक बंद है। डॉक्टर की तैनाती कराए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
बजरंग दल के जिला संयोजक सत्येंद्र प्रताप, संतोष कुमार, मनीष नामदेव, देवराज, भरत कुशवाहा, अशोक कुमार समेत आधा सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार राजेेंद्र कुमार को सौंपे ज्ञापन में बताया कि बुंदेलखंड के अति पिछड़े जनपद महोबा में जिला बनने के बाद से आज तक चिकित्सीय सुविधाओं में इजाफा नहीं हो सका।
बुंदेलखंड का कोई खास प्रतिनिधित्व न होने के कारण सरकार द्वारा महोबा के साथ सदैव भेदभाव किया जाता रहा। बताया कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में पैथालॉजिस्ट की तैनाती है। इससे खून की जरूरत होने पर मरीजों को झांसी व कानपुर रेफर कर दिया जाता है। प्रतिवर्ष प्रसव पीड़ित महिलाओं व दुर्घटना में घायल लोग मौत का शिकार बन जाते है। नौ लाख की आबादी के जनपद में जिला अस्पताल में महज 10 डॉक्टरों की तैनाती है।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपकर अवैध बालू की निकासी में भी रोक लगाने की मांग की है। बताया कि जिले के पूर्वी व दक्षिणी सीमा से सटे मध्यप्रदेश की नदियों से बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। उन्होंने बालू माफियाओं पर लगाम लगाए जाने के प्रशासन को आदेशित करने की मांग की है। ताकि सरकार की छवि खराब करने वालों पर कार्रवाई हो सके।