कबरई (महोबा)। कबरई बांध में साथियों के साथ मछली पकड़ने गए किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। परिजनों के कहने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव सौंप दिया।
कस्बा कबरई के जवाहर नगर निवासी जालिम वर्मा का पुत्र राम वर्मा (15) बुधवार की सुबह करीब नौ बजे घर से एक किमी दूर स्थित कबरई बांध में मछली पकड़ने के लिए अपने साथियों के साथ गया था। बांध के किनारे बैठकर मछली पकड़ते समय पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में डूब गया। साथियों ने उसे निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता न मिलने पर परिजनों को सूचना दी। आनन फानन में पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने बांध में तैरकर किशोर को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना कबरई पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बेटे की मौत से मां शिवकुमारी अपनी सुधबुध खो बैठी है। परिवार की महिलाएं उसे ढांढस बंधाती रहीं। वहीं मृतक के बड़े भाई भूपेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष कबरई दिनेश सिंह का कहना है कि मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की कार्रवाई के लिए कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है।