महोबा। जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इलाज के लिए पत्नी के साथ आए युवक ने डॉक्टर की टेबल पर एक मरा सांप रख दिया।
इसके बाद वह बोला कि साहब, इसी सांप ने मेरी गर्भवती पत्नी को डसा है। यह देख डॉक्टर ने मरे सांप को हटवाते हुए गर्भवती महिला का उपचार शुरू किया। महिला की हालत ठीक बताई जा रही है।
थाना अजनर के बछेछरकलां गांव निवासी हरिमोहन की पत्नी नीलम राजपूत नौ माह की गर्भवती हैं। परिजनों के अनुसार रविवार की दोपहर वह पानी भर रही थीं। तभी एक सांप ने उन्हें डस लिया। इससे महिला चीखते हुए अचेत हो गई। तब पति दौड़कर पहुंचा। उसने डंडा मारकर सांप को मार दिया।
इसके बाद वह पत्नी को जिला अस्पताल लाया। उसके पास पॉलिथीन में रखा मरा सांप भी था। अस्पताल पहुंचते ही उसने इमरजेंसी वार्ड में पत्नी को भर्ती कराया और पॉलिथीन खोलकर मरे सांप को डॉक्टर की टेबल में रख दिया। इससे वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों, मरीजों व तीमारदार भाग खड़े हुए।
हरिमोहन ने बताया कि उसकी पत्नी को दो फीट लंबे सांप ने डसा था। सांप जहरीला है या नहीं। इससे जच्चा-बच्चा को कोई नुकसान न पहुंचे, इसलिए वह सांप को अस्पताल लाया है।
उधर, डॉ. पंकज राजपूत ने टेबल से सांप को हटवाया। उन्होंने बताया कि सांप लेकर आने वाले युवक को हिदायत दी गई है। महिला को जिस सांप ने डसा है, वह जहरीला नहीं है। महिला की हालत ठीक है।