महोबकंठ (महोबा)। थाना महोबकंठ के घटेरा गांव में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आए दिन विवाद होने और हर बात पर नीचा दिखाने से नाराज पति ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारी है।
कस्बा महोबकंठ निवासी मुन्नी देवी उर्फ मोहनी क्षेत्र पंचायत सदस्य थीं। 12 जुलाई को वह पति भूपेंद्र अहिरवार व बच्चों के साथ बहन कुंती के बेटे संजय की शादी में शामिल होने घटेरा गांव गई थीं। रात के समय बरात में जाने को लेकर विवाद के बाद शनिवार की सुबह मुन्नीदेवी चारपाई पर मृत अवस्था में मिली थीं।
मृतक के भाई मुकेश ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। रविवार को थानाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी भूपेंद्र कुमार को कनकुआं पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी अक्सर लड़ती-झगड़ती थी और हर बात पर उसे नीचा दिखाने की कोशिश करती थी। अपनी बात को सर्वोपरि रखती थी। इसी से नाराज होकर उसने रात के समय पत्नी मुन्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा है।