कबरई (महोबा)। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर मकरबई फाटक के पास दो दिने से लापता युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतक के सिर में चोट के निशान होने पर परिजनों ने हत्या कर शव पटरी के किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया है। मृतक की बाइक घटनास्थल से दो किमी दूर बरामद हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा पनवाड़ी निवासी पवन अग्रवाल (28) किराना की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। 23 नवंबर को वह अपनी ससुराल जनपद बांदा जाने की बात कहकर बाइक से घर से निकला था, लेकिन बांदा नहीं पहुंचा। शनिवार सुबह करीब नौ बजे रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस ने लोगों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। सूचना पर पहुंची मृतक के भाई बंटे अग्रवाल, राजेंद्र और उमेश ने बताया कि पवन दो दिन पहले घर से निकला था। खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। सिर के अलावा कहीं चोट के निशान नहीं है। मृतक की बाइक दो किमी दूर बांदा तिराहे से बरामद हुई। पैरों में कीचड़ लगा होने और फोन का डाटा गायब होने पर परिजनों ने हत्या कर शव पटरी किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया है। घटना से मृतक की गर्भवती पत्नी मुस्कान का रो-रोककर बुरा हाल रहा। प्रभारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार राय का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।