महोबा। अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत विकासखंड कबरई के जूनियर विद्यालय सिजहरी में सोमवार को जागरुकता गोष्ठी की गई। वक्ताओं ने छात्राओं को अपने पैरों पर खड़े होने के गुर सिखाए। कहा कि बेटियां अब आगे बढ़कर मां-बाप का नाम रोशन कर रही हैं।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिजहरी के प्रधानाचार्य दयाराम वर्मा ने कहा कि छात्राओं को स्वावलंबी बनाने के लिए उन्हें जागरुक किया जा रहा है। कहा कि छात्राएं अब बिना डर और भय से विद्यालय, कॉलेज और कोचिंग आ जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को कभी भी दिक्कत आने पर 1090 का इस्तेमाल कर पुलिस की मदद लें, उनका नाम, पता गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभिभावक अब बेटों की तरह बेटियों को भी शिक्षा दे रहे हैं, इसलिए बेटियों को अपने मां-बाप का नाम रोशन करना है।
अध्यापिका अपर्णा नायक ने कहा कि जब भी छात्राएं कभी अकेले में बड़े शहरों में टैक्सी या अन्य वाहन से यात्रा करते समय गाड़ी के नंबर की फोटो खींचकर माता-पिता को डाल दे। साथ ही, गाड़ी के गलत दिशा पर जाने पर उसकी लोकेशन माता-पिता को दें। इससे चालक में डर पैदा होगा और वह गंतव्य स्थान तक पहुंचाएगा। इस मौके पर लता चौरसिया, अनुदेशक घनश्याम ने भी विचार व्यक्त किए। अंत में छात्राओं को नारी गरिमा की शपथ दिलाई गई।