महोबा। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में लवकुशनगर तिराहा के समीप तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार दो श्रमिकों को टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसेे में एक श्रमिक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
थाना श्रीनगर के ग्राम सिजहरी निवासी प्रभु यादव (30) अपने साथी दीनदयाल (20) पुत्र मूलचंद्र के साथ शुक्रवार को मेहनत-मजदूरी के लिए साइकिल से मुख्यालय आया था। शाम को भवन निर्माण में काम करने के बाद दोनों श्रमिक साइकिल से वापस लौट रहे थे। तभी हाइवे में लवकुशनगर तिराहा के समीप तेज गति से आ रहे डंपर ने साइकिल में टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। प्रभु यादव का सिर पहिये की चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई, जबकि दीनदयाल घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद लोगों की मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन तब तक चालक डंपर लेकर मौके से भाग निकला। गंभीर रूप से घायल दीनदयाल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस डंपर व उसके चालक की तलाश में जुट गई हैं। घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।