महोबा। गाडगे सेवा समिति के तत्वावधान में मंगलवार को संत गाडगे बाबा का 145वां जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में कार्यक्रम के बाद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में गाडगे सेवा समिति के अध्यक्ष गया प्रसाद त्यागी ने कहा कि संत गाडगे महाराज महान समाज सुधारक थे। डॉ. भीमराव आंबेडकर के मार्गदर्शक होने के साथ स्वच्छता अभियान के प्रथम जन्मदाता थे। उन्होंने महाराष्ट्र के कोने-कोने में धर्मशालाएं, विद्यालय, चिकित्सालयों का निर्माण कराया, लेकिन अपने लिए एक कुटिया तक नहीं बनवाई। उन्होंने समाज के लोगों से संत गाडगे के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
दोपहर बाद शहर में शोभायात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ वीरभूमि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने फीता काटकर किया। शोभायात्रा तहसील चौराहा, मुख्य बाजार, ऊदल चौक, आल्हा चौक होते हुए गुजरी। इस मौके पर उदित नारायण श्रीवास, लक्ष्मीप्रसाद श्रीवास, मुन्नालाल धुरिया, राजेंद्र सोलंकी मौजूद रहे।