पुष्प वाटिका लीला का मंचन करते कलाकार
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। नव युवक रामलीला मंडल के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का मंचन देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी। रामलीला के मंचन में जब जनक नंदिनी सीता गौरी पूजन को पुष्प वाटिका में गई तो उन्होंने आशीर्वाद दिया कि सुन सिय सत्य आशीष हमारी पूजहि मनोकामना तुम्हारी।
श्रीनगर दुर्ग के पास चल रही रामलीला में तीसरे दिन मुनि विश्वामित्र के साथ राम लक्ष्मण द्वारा अहिल्या का उद्धार किया गया। इसके बाद गंगा की कथा को भी मुनि विश्वामित्र ने विस्तार से बताया। गंगा पूजन कर मिथिलापुर पहुंचे तो उन्होंने जनक का आमंत्रण स्वीकार कर मिथिलापुर बाजार घूमा। जब गुरु ने पुष्प लाने के लिए कहा तो राम व लक्ष्मण वाटिका पहुंचे और उसी समय जनक नंदिनी सीता गौरी पूजन के लिए पुष्प वाटिका पहुंची। इस दौरान जनक नंदिनी सीता और राम का मिलन हुआ। कलाकारों ने रोचक मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामलीला महोत्सव का शुभारंभ आज से
बेलाताल। आदर्श रामलीला सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 14 अक्तूबर से झंडा बाजार बेलाताल स्थित रामलीला प्रांगण में होगा। मंच के अध्यक्ष इंद्रपाल रिछारिया ने बताया कि इस बार का रामलीला पिछले वर्षों की अपेक्षा और बेहतर होगा। पहली बार कम उम्र के बच्चे राम व लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों व लोगों में खासा उत्साह है।