महोबा। मध्य प्रदेश के माल वाहक वाहनों से से उत्तर प्रदेश सीमा पर लिए जाने वाले विनिमय शुल्क को लेकर मध्य प्रदेश के क्रशर व्यापारियों ने बैठक की। विनिमय शुल्क के मौजूदा स्वरूप पर असहमति जताते हुए यूपी के आला अफसरों से मिलने और सीएम को ज्ञापन देने का निर्णय लिया।
महोबा में हुई बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे क्रशर एसोसिएशन छतरपुर के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह चावला ने कहा कि जल्द ही एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल समस्याओं पर अफसरों से मुलाकात करेगा। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
छतरपुर के जिलाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने यूपी सीमा पर एमपी की गाड़ियों से लिए जा रहे विनिमय शुल्क को अनुचित बताया। कहा कि यह शुल्क वन नेशन वन टैक्स कानून को खंडित करने वाला है। महामंत्री संजय जोशी ने बैरियर पर लिए जा रहे शुल्क का मामला उठाया। कारोबारी अनूप सिंह ने ऑनलाइन रॉयल्टी की जांच पर जोर दिया। उपाध्यक्ष पंकज की मांग पर कारोबारियों ने सामूहिक प्रस्ताव पारित कर समस्याओं के निवारण के लिए प्रदेश अध्यक्ष से प्रभावी पहल की अपेक्षा जताई।
बैठक में अमित शिवहरे, प्रदीप पाठक, सुरेश कुमार, भारत सिंह, दिनेश सिंह, राकेश कुमार, महेश कुमार, कृष्ण राज सिंह, कंन्धी यादव, लोकेंद्र अत्री सहित तमाम क्रेशर संचालक उपस्थित थे।