जिले में हाल ही में चालू किए गए सोलर पावर प्लांट से उत्पादित बिजली को कबरई के उद्योग के लिए देने की मांग क्रेशर यूनियन ने मुख्यमंत्री से की है, जिससे उद्योग को और अधिक बेहतर ढ़ंग से चलाया जा सके।
कबरई के आकाश ग्रेनाइट क्रेशर में क्रेशर एवं पत्थर व्यापार मंडल की बैठक अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि महोबा जिले में एकमात्र पत्थर उद्योग है जो पूरे जिले का सर्वाधिक राजस्व देता है। इस उद्योग के अंतर्गत 250 से अधिक स्वचालित स्टोन क्रेशर प्लांट कार्यरत हैं। जहां बीस हजार से अधिक श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बिजली की आंख मिचौली के कारण यहां का उद्योग बुरी तरह तबाह हो रहा है। ऐसी स्थिति में करहराकला में स्थापित 10 मेगावाट के सोलर प्लांट से कबरई के इस उद्योग को बिजली दी जाए। जिससे पर्याप्त बिजली मिलने से इस उद्योग को चार चांद लग सकते है। कटौती रोकने की स्थिति में क्रेशर उद्योग अग्रिम बिजली के भुगतान करने को भी तैयार है। क्रेशर यूनियन के उपाध्यक्ष रघुराज प्रताप ने कहा कि यदि यहां अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की तरह बिजली भरपूर मिल जाए तो यहां राजस्व बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकेंगे। जिससे इस क्षेत्र का भी पर्याप्त विकास हो सकेगा।
महामंत्री मोहम्मद वसीम ने कहा कि सर्व सम्मति से इस आशय का प्रस्ताव पास कर मुख्यमंत्री को भेजा जा रहा है ताकि इस उद्योग को सोलर प्लांट की बिजली का लाभ मिल सके। बैठक में मुकेश गुरुदेव, अवधेश शिवहरे, देवेंद्र शिवहरे, प्रदीप अग्रवाल, सूरज गुप्ता, नासिर अली, भागवत शिवहरे, उमेश गुप्ता, भुवन पांडेय, राजनाथ राय सहित तमाम क्रेशर मालिक मौजूद रहे।