महोबा। जिले में अतिवृष्टि और जलभराव के कारण कच्चे मकान गिरे हैं। साथ ही फसलें नष्ट हो गई हैं। सपा ने पीड़ितों के लिए शीघ्र राहत राशि की मांग की है। मंगलवार को 30 से अधिक सपाइयों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव के नेतृत्व में प्रेम विश्वकर्मा, लवकेश राजपूत, ताहिर उद्दीन सिद्दीकी, वीरचंद पटेल, जीतेंद्र, राजेंद्र, मुन्नीलाल प्रजापति, अवधेश रैकवार और राजेंद्र शक्ति सहित अन्य सपाइयों ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एडीएम न्यायिक सुखबीर सिंह को बताया गया कि जनपद में 90 फीसदी फसल प्राकृतिक आपदा से नष्ट हो गई है। तिल, उड़द, मूंग और मूंगफली जैसी खरीफ की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। महोबा एक अति पिछड़ा जिला है। यहां के किसान पूरी तरह कृषि पर निर्भर हैं। उनके सामने परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और बेटियों की शादी की चिंता है। साहूकारों व बैंक के कर्ज चुकाने की भी समस्या है।
सपाइयों ने किसानों की बर्बाद फसल का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने, कच्चे मकानों गिरने से पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाए जाने और निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का उचित समाधान कराए जाने की मांग की है।