शहर के गांधीनगर के एक बिजली की दुकान और गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक, सीओ और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गए। करीब 1 बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग की इस घटना से दुकानदारों को भारी क्षति हुई।
शहर के मोहल्ला कत्तीपुरा निवासी मोहम्मद शमीम का गांधीनगर में जूतों का गोदाम है। शनिवार रात करीब 9.30 बजे शाट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। गोदाम से निकल रहे तेज धुएं को देखकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और गोदाम मालिक को आग की सूचना दी। इधर आग की लपटों ने पड़ोसी बिजली दुकानदार शमशुद्दीन की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दुकान में रखा बिजली का सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार के अनुसार करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
गोदाम मेें रखे जूतों के अलावा जींस के पैंट, टीशर्ट व जूता चप्पल में आग पकड़ने से चारों तरफ आग फैल गई। जिससे आसपास के लोग व दुुकानदार बुरी तरह सहम गए और आग बुझाने में पड़ोसी भी जुट गए। दोनो दुकानों में आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे एसपी एन कोलांची और सीओ सदर जितेंद्र दुबे ने पुलिस टीम और दमकल जवानों के साथ को लगाकर रात करीब 1 बजे आग पर काबू पाया।