सीमा शुल्क विभाग ने पकड़ी एक किलो हेरोइन
- फोटो : File Photo
दिल्ली से मजदूरी करके घर लौट रहे किशोर की बदमाशों ने मारपीट कर 4000 रुपये और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर उसे चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। जीआरपी ने किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके सिर में चोट लगी है और उसका हाथ -पैर भी फ्रैक्चर हो गया है। जीआरपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
कर्वी निवासी गोविंद (17) दिल्ली में मजदूरी करता है। मां की बीमारी की सूचना पर वह बुधवार रात महाकौशल एक्सप्रेस से कर्वी लौट रहा था। आरोप है कि महोबा स्टेशन से कुछ लोग जनरल बोगी में चढ़े। सीट पर बैठने को लेकर उन लोगों से विवाद हो गया।
ट्रेन महोबा स्टेसन से चंद कदम दूर ईदगाह तक पहुंची थी कि गुस्साए बदमाशों ने उसकी जेब से 4000 रुपये और मोबाइल लूट लिया और उसे नीचे फेंक दिया। बेहोश होने की वजह से वह रातभर वहीं पड़ा रहा। गुरुवार सुबह कुछ बच्चे बकरी चराने गए तो उन्होंने युवक को बेहोश देख अन्य ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश में आने के बाद गोविंद ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ जीआरपी में तहरीर दे दी है। जीआरपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। गोविंद के परिजनों को सूचना दी गई है।