भीषण कोहरे के चलते सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा है। गुरुवार सुबह कोहरे के चलते एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में क्लीनर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक वाहन छोड़कर भाग गया। अन्य दुर्घटनाओं में बाइक सवार पांच लोग लहूलुहान हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जनपद बांदा निवासी राजू (17) पुत्र खुमरिया ट्रक में क्लीनर था।
गुरुवार सुबह राजू चालक कालीचरन के साथ ट्रक से पत्थर मंडी कबरई आ रहा था। नहदौरा के पास कोहरे के चलते चालक संतुलन खो बैठा। ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया। दुर्घटना में राजू की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक भाग निकला। दुर्घटना के बाद पहुंची पुलिस ने क्रेन से ट्रक को और क्लीनर के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दूसरी घटना कानपुर हाईवे पर हुई।
थाना खन्ना के ग्राम ग्योड़ी निवासी अखिलेश (30) पिता रामस्वरूप (52) और दादा सुदर्शन (80) के साथ बाइक से महोबा आ रहा था। सड़क पर आए जानवर को बचाने के चक्कर में बाइक फिसल गई। इससे तीनों घायल हो गए। एक अन्य घटना पहरा रोड पर हुई। ग्राम इचौली निवासी घनश्याम पुत्र मइयादीन सिंहनपुर बघारी के परिषदीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं।
गुरुवार सुबह घनश्याम अपने नाती अमित (12) के साथ बाइक से विद्यालय जा रहे थे। पहरा रोड पर बाइक ट्रक से टकरा गई। इससे दोनों घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।