कंधरापुर थाना क्षेत्र के रवलपुर गांव में बुधवार की रात साढ़े नौ बजे घर से निकली महिला की हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित प्राइमरी स्कूल परिसर में उसकी लाश पड़ी मिली। मृतका के सिर में गहरा जख्म था। आशंका जताई जा रही है कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव के बगल में चीलम और गांजा बरामद किया। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्जकर घटना के कारणों का पता लगा रही है।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के रवलपुर गांव निवासी ललित कुमार दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी संगीता देवी (35) अपनी एक बेटी, दो बेटों और ससुर के साथ रह रही थी। संगीता के ससुर कल्पनाथ की माने तो रात करीब साढ़े नौ बजे संगीता घर से बाहर निकली। यह सोचकर कि वह खेत गई है, सभी सो गए लेकिन संगीता घर वापस नहीं लौटी। गुरुवार की सुबह गांव के बच्चे कल्पनाथ के घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित प्राइमरी स्कूल में खेलने पहुंचे तो वहां खून से लथपथ संगीता की लाश पड़ी हुई थी। उसके सिर में गंभीर चोट के निशान थे। देखने से लग रहा है कि सिर में गोली मारी गई है। संगीता की लाश के बगल में चीलम, गांजा और चीलम में लगाकर गांजा पीने वाला कपड़ा गिरा पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर सीओ नगर और प्रभारी निरीक्षक कंधरापुर मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। सीओ नगर शिवनाथ गुप्ता ने बताया कि संगीता के ससुर कल्पनाथ की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कारण की जानकारी अभी नहीं हो सकी है। शव की हालत देखने से लग रहा कि हत्या गोली मारकर की गई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी हो सकेगी।