थाना कबरई के ग्राम बबेड़ी में दो दिन पहले महिला की फांसी पर झूलकर हुई मौत के मामले में पति सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
ग्राम बबेड़ी निवासी अभिलाषा पत्नी मुकेश यादव ने 25 जनवरी की शाम घर पर फांसी लगाकर जान दे दी थी। घटना की सूचना थाना पुलिस व मृतका के परिजनों को दी गई थी। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता सभाजीत यादव निवासी खन्ना ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग को लेकर पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना कबरई में तहरीर दी थी।
इसमें बताया कि उसने अपनी पुत्री अभिलाषा की शादी नौ जुलाई 2016 को मुकेश के साथ की थी। इसके बाद से ही ससुरालीजन दो लाख रुपये नगद व एक बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर अभिलाषा के साथ पीटने के साथ उत्पीड़न करने लगे। आरोप लगाया कि 25 जनवरी की शाम अभिलाषा की फांसी पर लटकाकर हत्या की गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति मुकेश, ससुर इंद्रपाल, सास इंद्रानी, देवर विवेक, ननद रिंकी, जेठ इंद्रजीत व जेठानी बिन्नू के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।