थाना पनवाड़ी के गांव भरवारा में बुधवार की रात चोरों ने एक मकान में धावा बोलकर नगदी सहित दो लाख रुपये कीमत का माल चोरी कर लिया। गुरुवार की सुबह घटनास्थल से दो सौ मीटर की दूरी पर टूटे बख्शे व कपड़े बरामद किए गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना पनवाड़ी में दी है।
गांव भरवारा निवासी विश्वनाथ रैकवार पुत्र सुम्मेरा बुधवार की रात खेतों की रखवाली करने के लिए खेेत पर गया था। उसकी पत्नी कुसुम बच्चों के साथ घर पर सो रही थी। रात के समय चोर दीवार फांदकर मकान में घुस गए और कमरे में रखे बख्शे व अटैची उठाकर ले गए।
गुरुवार की सुबह जब परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। मकान से दो सौ मीटर की दूरी पर टूटे बख्शे व कपड़े पड़े मिले जबकि नगदी और जेवर गायब थे। पीड़ित विश्वनाथ ने बताया कि चोर कमरे से 10 हजार की नगदी और करीब दो लाख के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए है। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना पनवाड़ी में सौंप दी है।
चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। थानाध्यक्ष पनवाड़ी अनीता चौहान का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।