झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में टिकरिया मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर और स्विफ्ट कार की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में चिकित्सक और उसके मासूम पुत्र समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुत्र की हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया है। एक अन्य घटना में ट्रक पुल से टकरा गया इस दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई में तैनात चिकित्सक ईश्वरचंद्र प्रजापति (35) पुत्र रामसजीवन अपने चार वर्ष के मासूम पुत्र अंश और रिश्तेदार शशि (23) पुत्री उपेंद्र निवासी बांदा के साथ स्विफ्ट कार से रविवार की सुबह किसी कार्य से झांसी जा रहे थे। हाईवे में महोबकंठ थाना क्षेत्र के टिकरिया मोड़ के समीप ट्रैक्टर से कार की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। जिन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया गया। जहां से डाक्टरों ने अंश की हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर कर दिया। दुर्घटना के दौरान सड़क किनारे खेड़े मनोज पुत्र संतराम निवासी टिकरिया भी दोनों वाहनों की चपेट में आने से घायल हो गया। दुर्घटना में स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।
कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार कुलपहाड़-महोबा के बीच सूपा मंडी के समीप तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। स्पीड अधिक होने के चलते ट्रक पुल से टकराते हुए रेलिंग में चढ़ गया। जिससे ट्रक का आधा हिस्सा लटक गया। बाद में पहुंची क्रेन मशीन से ट्रक को बाहर निकाला गया। जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। पुल के बीच ट्रक फंसने से घंटों आवागमन बाधित रहा।