कस्बा चरखारी के झंडा चौराहा स्थित कजियाना मस्जिद से नमाज अदा कर लौट रहे युवक को जान से मारने की नियत से गोली मारने के मामले में चार लोगाें के खिलाफ कोतवाली चरखारी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश में जुट गई है।
कस्बा चरखारी के मोहल्ला महावीर नगर निवासी मोहम्मद रमजान (44) पुत्र फैज मुहम्मद मंगलवार की रात करीब आठ बजे मस्जिद से नमाज अदा कर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। तभी दो बाइकों में सवार लोगों ने पीछे से फायरिंग की थी। गोली लगने से रमजान घायल हो गए थे।
उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया था। घायल रमजान के भाई मुबीन की तहरीर पर पप्पू पुत्र इमाम, अली हजरत पुत्र महमूद निवासी सूपा, इल्ली उर्फ करामत व लियाकत के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।