बरहज के कटइलवा में सूना पड़ा घर।
- फोटो : अमर उजाला
बरहज। क्षेत्र के कटइलवा गांव में होली के दिन एक के घर में घुसकर रंग लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिसिया कार्रवाई से गांव के लोग अब भी खौफजदा हैं। दूसरे दिन भी गांव में सन्नाटा पसरा रहा। लोग आने-जाने वालों को कातर निगाहों से देख रहे थे। जबकि महिलाएं अपनी पीड़ा बयां कर पुलिस को कोसती दिखीं।
सोमवार को होली त्योहार के दिन लोग एक दूसरे को रंग लगाकर खुशियां बांट रहे थे। लोगों का कहना है कि इसी बीच गांव के ही गामा यादव पुत्र जवाहिर यादव बिन्द मुहल्ले में एक के घर में घुसकर रंग गुलाल लगाने के साथ ही गाली-गलौज करने लगा। जिसका लोगों ने विरोध किया। बात मारपीट पर पहुंच गई और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। रात में पुलिसिया कार्रवाई के बाद लोगों के जेहन में दूसरे दिन भी खौफ कायम रहा। पुलिस के पकड़े जाने के भय से लोग नदी पार दियारा क्षेत्र में शरण लिए हुए हैं।
गौरतलब है कि होली के दिन कटइलवा में रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के अनीता पुत्री कन्हैया की तहरीर पर 26 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ 147, 148, 452, 354, 504, 506, 323 आईपीसी के तहत जबकि दूसरे पक्ष गामा की तहरीर पर रुदल, भरत, गोबरी, दीपक, रतिभान, वीरेंद्र, गोलू, पुकार और 10 अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।