कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ क्षेत्र के गांव भटेवराखुर्द में रविवार रात चोरों ने एक मकान में घुसकर 10 हजार की नगदी समेत करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सोमवार सुबह टूटे बक्से गांव के बाहर खेतों में पड़े मिले। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम भटेवरा खुर्द निवासी मोहन पुत्र चिटवां कुशवाहा रविवार रात परिवार के साथ घर पर सो रहा था। तभी चोर दीवार फांदकर घुस गए और दूसरे कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा बक्सा व अटैची में रखी 10 हजार की नगदी चोरी कर ले गए। घटना के समय सास-ससुर और बहू घर पर थे जबकि पुत्र मजदूरी के लिये दिल्ली गया था। सोमवार की सुबह जब परिजन जागे तो ताले टूटे व सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने घटना की सूचना तत्काल यूपी 100 व कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची डायल 100 गाड़ी के जवानों ने जांच पड़ताल की। जांच के दौरान बक्से खेतों में पड़े मिले। पीड़ित ने बताया कि चोर मकान से 10 हजार की नगदी 8 करीब 90 हजार रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए है। चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। कोतवाली प्रभारी सतीश चंद्र शुक्ला का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
इनसेट
एक भी घटना का खुलासा नही कर सकी पुलिस
कुलपहाड़। कोतवाली कुलपहाड़ क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक बड़ी चोरियां हो चुकी है लेकिन पुलिस एक का भी खुलासा नही कर सकी है। मोहल्ला गोविंद नगर में एक वर्ष पूर्व श्रीपत यादव लेखपाल के यहां 8 लाख की चोरी हो गई थी। मोहल्ला टोरियापुरा में महेंद्र पाठक के घर मे 9 लाख के जेवर नगदी चोरी हो गए थे। इसी मोहल्ले में अशोक गुप्ता के परिवार में चोर नगदी व सामान उड़ा ले गए थे। राजपूत कालोनी में अमन सिंह राजपूत के घर से चोरी हुई थी जबकि इसी माह तीन घरों को चोरों ने निशाना बनाया था लेकिन पुलिस आज तक चोरों का पता नही लगा सकी। जिससे लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहे है।