कोतवाली में खड़ा चोरी के माल से लदा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
चोरों ने लाखों रुपये कीमत की बीएसएनएल केबिल और पोल चोरी कर लिया। गनीमत रही कि विभाग के एसडीओ को सही समय पर सूचना मिल गई और उन्होंने पुलिस की मदद से चालक सहित ट्रक को पकड़ लिया। एसडीओ ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने चोरी के माल से भरे ट्रक को कोतवाली में खड़ा कराकर जांच शुरू कर दी है।
झांसी मानिकपुर रेलवे स्टेशन में कुलपहाड़ रेलवे स्टेशन से ग्राम लाड़पुर तक लगी बीएसएनएल केबिल व एक सैकड़ा लोहे के पोल चोरों ने चोरी कर लिए। विभाग को इसकी भनक तक नही लगी। शुक्रवार को मुखबिर ने बीएसएनएल के एसडीओ मयंक गुप्ता को सूचना दी कि बीएसएनएल केबिल व पोल कमालपुरा रेलवे गेट के पास एकत्र है। जिसे ट्रक में लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीओ कोतवाली कुलपहाड़ पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी सतीशचंद्र शुक्ला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा कराया। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की चालक से पूछतांछ कर रही है। एसडीओ ने घटना की तहरीर अज्ञात लोगाें के खिलाफ कोतवाली में सौंपी है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।