महोबा। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में डीएम ने दो राजस्व कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए है। वहीं कार्य में लापरवाही पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार चरखारी की जमकर क्लास ली।
शनिवार को डीएम सहदेव कुमार ने तहसील चरखारी का निरीक्षण किया। तहसीलदार व नायब तहसीलदार की क्लास लगाई। इसके अलावा राजस्व लिपिक व रजिस्ट्रार कानूनगो अखलेंद्र कुमार सक्सेना पर कार्रवाई के निर्देश एसडीएम को दिए है। कहा कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। तहसील चरखारी में सिर्फ 18 गांव ही प्रभावित हैं, फिर भी कार्य में शिथिलता बरती जा रही है।
उन्होंने तहसीलदार को टीम बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि प्रभावित किसानों के खाते में जल्द से जल्द पैसा पहुंचाएं। सरकार से 24 घंटे के अंदर पैसा रिलीज किया गया है। इसलिए हमें इस कार्य में देरी नहीं करनी चाहिए।
कुलपहाड़ प्रतिनिधि के अनुसार तहसील कुलपहाड़ के निरीक्षण में संतोषजनक कार्य पर उन्होंने उपजिलाधिकारी राजेश यादव, तहसीलदार अरुण कुमार सक्सेना के कार्य की सराहना की। साथ ही कहा कि कोई भी किसान राहत से छूटने न पाये। निरीक्षण के दौरान सूचना अधिकारी सतीश कुमार यादव के अलावा तहसील के तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।