महोबा। विद्युत विभाग में तैनात अवर अभियंता के आवास से चोरों ने दो लाख की नगदी, सोने-चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय अवर अभियंता परिवार समेत अपनी रिश्तेदारी में गए थे। पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर जांच कर रही है।
जनपद हमीरपुर के ग्राम सिकंदरपुरा निवासी देवकीनंदन आर्य बिजली विभाग महोबा में अवर अभियंता हैं। वर्तमान में वह शहर के मोहल्ला आलमपुरा में गयादीन कुशवाहा के मकान में किराए पर परिवार समेत रहते हैं। रविवार की शाम अवर अभियंता आवास में ताला डालकर परिवार समेत अपनी रिश्तेदारी में मऊरानीपुर गए थे। तभी रात के समय चोरों ने आवास का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने मकान के कमरों और अलमारी बक्सों के ताले तोड़कर वहां रखी दो लाख की नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड समेत करीब पांच लाख रुपये कीमत का सामन चोरी कर ले गए।
सोमवार की सुबह जब अवर अभियंता परिवार समेत घर लौटे तो ताले टूटे और माल गायब देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी पुरानी कार बेची थी। जिसका दो लाख रुपये घर पर रखा था। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। चोरी की इस बड़ी वारदात से मोहल्ले के लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।