महोबा। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें एसपी ने महिला अपराधों के प्रति संवेदनशील होकर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा कि बच्चियों और महिलाओं से संबंधित अपराधों में पैरवी करके अपराधियों को अधिक से अधिक सजा दिलाए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नारी सुरक्षा दस्ता महिलाओं को अपनी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करें। महिला हेल्प लाइन 1090, यूपी 100 व महत्वपूर्ण पुलिस नंबरों के बारे में जानकारी प्रदान करें। उन्होंने थानाध्यक्षों को अपने अपने क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों पर नारी सुरक्षा दस्ता का उपयोग करें। अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। एसपी ने कहा कि जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सुनवाई के लिए थानों पर रिसेप्शन की उचित व्यवस्था की गई है।
अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक ने आईजीआरएस के प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्वक समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के लिए पुलिस टीम बनाकर गिरफ्तारी किए जाने, जिले में ब्लैक स्पाट चिह्नित कर एक्सीडेंट की घटनाओं में कमी लाने व ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए जाम से मुक्ति के अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वंशराज यादव, सीओ सदर जितेंद्र दुबे के अलावा सभी कोतवाली व थाना प्रभारी मौजूद रहे।
महिला अपराधों में पैरवी कर अपराधियों को दिलाएं सजा-एसपी
- अपराध गोष्ठी में लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के दिए निर्देश