सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत छह घायल
महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में महिला समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
थाना कबरई के गंज गांव निवासी दुर्गा (60) पुत्र पंचा बाइक से महोबा आ रहा था। रास्ते में उसकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, सिजहरी गांव निवासी कल्लू (35) पुत्र गोपी बाइक से घर लौटते समय सड़क पर एकाएक आए जानवर को बचाने के चक्कर में बाइक से गिरकर घायल हो गया। थाना श्रीनगर के बरा गांव निवासी रीना (12) साइकिल चलाना सीखते समय गिरकर घायल हो गई। उधर, शहर के मोहल्ला शेखूनगर निवासी क्रांति (30) पत्नी संतोष कुमार, इमलीखेड़ा निवासी कुसुम पत्नी रामचरन परिजनों के साथ बाइक से महोबा आते समय गिरकर घायल हो गई। एक अन्य घटना में कबरई निवासी किशोरीबाई (70) छत से उतरते समय सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।