महोबा। शहर के ऊदल चौक स्थित सब्जी मंडी में कमीशन देने से मना करने पर दबंग आढ़ती ने सब्जी विक्रेता की जमकर पिटाई कर दी। उसकी सब्जी भी फेंक दी। इधर आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंच जमकर हंगामा किया। तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
शहर के मोहल्ला रामकथा मार्ग निवासी प्रेमचंद्र कुशवाहा बगीचे में सब्जी लगाए है। जिसे बेंचकर वह परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार की सुबह प्रेमचंद्र बाजार में सब्जी बेंच रहा था। तभी दबंग वहां पहुंचा और कमीशन मांगने लगा। विरोध करने पर दबंग ने किसान से मारपीट कर दी। जिससे अन्य किसानों में खलबली मच गई। किसाने से मारपीट की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के जिला संयोजक सत्येंद्र प्रताप कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित को लेकर कोतवाली पहुंचे। जहां कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया।
कार्यकर्ताओं का आक्रोश देख पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने इकबाल पुत्र अनवर खां के खिलाफ मारपीट व सब्जी फेंककर बर्बाद करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। करीब एक माह पहले दिसरापुर निवासी किसान पंखी कुशवाहा के साथ भी आढ़तियों ने मारपीट की थी। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।