महोबा। थाना महोबकंठ के ग्राम ब्यारजो में एक नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम जैलवारा निवासी छत्रपाल सिंह ने अपनी पुत्री अंजू की शादी तीन माह पूर्व थाना महोबकंठ के ग्राम ब्यारजो निवासी रामभगत के साथ की थी। शादी के समय भरपूर दान दहेज दिया गया था लेकिन ससुरालीजन और दहेज की मांग को लेकर अंजू को प्रताड़ित करने लगे। बुधवार की देर शाम नवविवाहिता कमरे में फांसी के फंदे पर संदिग्ध हालात में झूलती मिली। परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और सांसे चलने पर इलाज के लिए मेडिकल कालेज झांसी जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी। मृतका के पिता छत्रपाल ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। थाना महोबकंठ में तहरीर देकर पिता ने बताया कि ससुरालीजन उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। पहले उसकी मारपीट की गई और बाद में फांसी के फंदे पर लटका दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।