कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम सिरमौर में एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव मकान के कमरे में साड़ी के फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम सिरमौर निवासी रागिनी (17) पुत्री चंद्रशेखर बुधवार को घर पर अकेली थी। माता-पिता किसी शादी समारोह में गए थे, जबकि बड़ी बहन रानी बकरियां चराने खेतों की ओर गई थी। देर शाम बकरियां चराकर लौटी बड़ी बहन ने घर के दरवाजे की कुंडी खटखटाई, लेकिन आहट नहीं मिली। पड़ोसी भी गेट न खुलने पर परेशान हो गए। बड़ी बहन ने मकान के पीछे जाकर रोशनदान से झांका तो रागिनी का शव का फांसी के फंदे पर झूलता दिखा। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस व परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई और कुंडी तोड़कर साड़ी के फंदे पर झूल रही किशोरी के शव को नीचे उतारा। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर घर लौटे परिजनों ने बताया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ है। घटना से परिजन सदमे में हैं। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है।