श्रीनगर (महोबा)। यूपी-एमपी की सीमा से निकली उर्मिल नदी में अवैध बालू खनन को लेकर शनिवार की रात दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। करीब आधा घंटे तक यूपी और एमपी के खदान संचालकों व उनके गुर्गों के बीच आधा घंटे तक हवाई फायरिंग होने से दहशत फैल गई। बालू भरने के काम में लगे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर मध्यप्रदेश पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
यूपी एमपी की सीमा से निकली उर्मिल नदी में महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र के ज्योरइया और मध्यप्रदेश के खिरी घाट में बालू का खनन होता है। दोनों ओर बालू के डंप लगे है। शनिवार की रात उर्मिल नदी में एक दूसरे की सीमा पर बालू भरने को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष द्वारा मजदूरों को खदेड़े जाने और ट्रैक्टर पंचर किए जाने के बाद ज्योरइया घाट के गुर्गों ने दूसरे पक्ष के मजदूरों को खदेड़ दिया, जिससे मामला बढ़ गया। दोनों पक्षों के लोग असलहे लेकर घाट पर पहुंच गए। इस दौरान करीब आधा घंटे तक फायरिंग हुई। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मजदूरों में फायरिंग से भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मध्यप्रदेश के मलहरा थाना पुलिस को दी गई। मामले की जांच कर रहे मलहरा थाने के एसआई केएस ठाकुर का कहना है कि बालू खदान में विवाद होने की सूचना मिली है। पूरी जांच कराई जा रही है। वहीं थानाध्यक्ष श्रीनगर बलजीत सिंह का कहना है कि उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है। मामला मध्यप्रदेश से जुड़ा है।
यूपी-एमपी की सीमा पर अवैध खनन को लेकर फायरिंग
- दोनों पक्षों की ओर से आधा घंटे तक हुई हवाई फायरिंग
- बालू भर रहे मजदूरों में मची भगदड़, जांच में जुटी पुलिस