पनवाड़ी महोबा। कस्बा पनवाड़ी के नौगांव-फदना रोड में रविवार की रात दो बदमाश लूट के इरादे से घर में घुस गए। बदमाशों ने मकान में रखी 10 हजार की नगदी व सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। आहट पाकर जागे गृहस्वामी के पुत्र द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना से कस्बे में भय व दहशत का माहौल व्याप्त है।
कस्बे के नौगांव-फदना रोड निवासी छत्रपाल पुत्र शंभुदयाल रविवार की देर शाम खाना खाने के बाद दो पुत्रों और पत्नी सहित आंगन में सो गया। रात करीब डेढ़ बजे दो सशस्त्र बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुस गए। बदमाशों ने कमरे का ताला तोड़कर बख्शे में रखी 10 हजार की नगदी, 50 हजार रुपये कीमत के जेवरात व दो मोबाइल लूट लिए। आहट पाकर छत्रपाल की पत्नी जानकी व पुत्र नरेंद्र (22) जाग गए और शोर मचाया। तब दहशत फैलाने की गरज से बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। नरेंद्र द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली हाथ में लगने पर नरेंद्र अचेत होकर गिर गया।
घटना की सूचना तत्काल यूपी 100 व थाना पनवाड़ी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने परिजन उसे मेडिकल कालेज झांसी ले गए। घायल के पिता छत्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ धारा 307, 380 व 457 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष पनवाड़ी बलजीत सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
फोटो 16 एमएएचपी 07 परिचय-गोली लगने से घायल युवक
बदमाशों ने युवक को मारी गोली
- घर में घुसकर की लूटपाट, विरोध करने पर घटना को दिया अंजाम
- गंभीर हालत में घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर
- पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा