पनवाड़ी महोबा। स्योढ़ी बालू घाट में खड़ी जेसीबी मशीन चालक ने ट्रक में बालू लोड न करने पर बालू माफिया ने जेसीबी चालक को गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल युवक को इलाज के लिए गाड़ी में ले गए, लेकिन रास्ते मौत होने पर मृतक और उसके साथी को राठ अस्पताल के पहले उतारकर फरार हो गए। मृतक के साथी सूचना पर पहुंचे डंप मालिक राघवेंद्र सिंह ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के ग्राम देवपुर थाना लौड़ी निवासी पेतनी (20) पुत्र छोटे उर्फ रामलाल स्योढ़ी खदान में राघवेंद्र सिंह के डंप में जेसीबी मशीन चलाता था। जिलाधिकारी के आदेश के बाद डंप सीज हो जाने के कारण ट्रक चालकों ने बालू भरना बंद कर दिया। तभी मौदहा निवासी शानू और सलमान अपनी चार पहिया गाड़ी से स्योढ़ी घाट पर ट्रक लेकर पहुंचे और जेसीबी चालक पेतनी से दो हजार रुपये देकर ट्रक में बालू लोड करने के लिए दबाव बनाया। पेतनी ने खदान सीज होने की बात बताते हुए ट्रक लोड करने से मना कर दिया।
ट्रक न भरने से गुस्साएं शानूू ने जेसीबी चालक को गोली मार दी, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर गया। इससे घबराए शानू और सलमान, पेतनी और उसके साथी अजहर को अपनी चार पहिया गाड़ी में इलाज कराने के लिए बाहर ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही पेतनी की मौत हो गई, जिससे शानू और सलमान ने अजहर और मृतक के शव को अस्पताल से पहले रास्ते में उतार दिया और गाड़ी लेकर भाग गए। घटना की सूचना अजहर ने डंप मालिक राघवेंद्र सिंह को दी। घटना की रिपोर्ट डंप मालिक ने शानू, सलमान सहित तीन लोगों के खिलाफ थाना पनवाड़ी में दर्ज करा दी है।
बालू लोड न करने पर चालक की गोली मारकर हत्या
-डंप सीज होने के कारण जेसीबी चालक ने बालू भरने से कर दिया था इनकार