पनवाड़ी महोबा। पनवाड़ी क्षेत्र में नदियों से बालू खनन कर दिनरात निकाले जा रहे वाहनों से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। मंगलवार को कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा को बालू लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को घेरकर पकड़ लिया और ट्रैक्टर ट्राली के पहियों को हवा निकाल दी। ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
थाना पनवाड़ी के ग्राम सिमरिया निवासी धीरज कुमारी 18 पुत्री जगदीश मंगलवार की सुबह कोचिंग पढ़ने के लिए साइकिल से कस्बा पनवाड़ी जा रही थी। तभी सिमरिया-बुडेरा मार्ग पर बालू भरे ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई। घायल छात्रा को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया। दुर्घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को घेरकर पकड़ लिया और ट्रैक्टर ट्राली के पहियों की हवा निकाल कर सड़क पर जाम लगा दिया।
सूचना पर थाना पनवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई और पकड़े गए चालक को हिरासत में ले लिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगाकर ग्रामीणों द्वारा हंगामा किए जाने की सूचना मिलने पर एसडीएम रामहर्ष मौर्य व सीओ वंशनारायण सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार को बालू भरे ट्रैक्टर और डंपर खेतों से निकाले जाने पर किसानों ने हंगामा काटते हुए जाम लगाया।
ट्रैक्टर ने छात्रा को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम
-दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा
-सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने खुलवाया जाम