कुलपहाड़ (महोबा)।
कस्बा कुलपहाड़ के मोहल्ला टौरियापुरा में गुरुवार रात चोरों ने एक मकान से नगदी और आभूषण समेत 10 लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। घटना के समय परिजन दूसरे कमरे में गहरी नींद में सोते रहे। सुबह सामान बिखरा और माल गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। गृहस्वामी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
मोहल्ला टोरियापुरा निवासी देव नारायण पाठक गुरुवार की रात परिवार सहित कमरे में सो रहे थे। तभी चोर दीवार फांदकर मकान में घुस गए और दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अटैचियों और बक्सों में रखी नगदी और जेवरात चोरी कर ले गए। देव नारायण ने पुलिस को बताया कि चोर मकान से 10 लाख से अधिक का माल चोरी कर ले गए है।
जिसमें दो चंद्रहार, दो चूड़ी सेट, दो मंगलसूत्र, दो जंजीर, 9 अंगूठी, एक नथ, झुमकी, ब्रजवाला सहित 25 तोला सोना, पांच किलोग्राम चांदी और 20 हजार रुपये की नगदी चोरी हुई है। उधर कोतवाली प्रभारी मधुसूदन शुक्ला का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
इनसेट
चोरियों से लोगों में दहशत
महोबा। चोरी की इस बड़ी वारदात से लोगों में आक्रोश है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू की है। इसके पूर्व में श्रीपत लेखपाल, अमन सिंह लोधी, अशोक अग्रवाल के यहां भी चोरी की घटनाएं हो चुकी है लेकिन पुलिस आज तक एक भी घटना का खुलासा नही हो सका।