अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में समाजसेवी समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही सड़क दुर्घटना में एक पखवारे पहले घायल हुए अधेड़ की मेडिकल कालेज झांसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना पनवाड़ी के ग्राम महुआ निवासी मदनपाल (50) पुत्र रामेश्वर एक पखवारे पहले खेतों से पैदल घर लौट रहा था तभी रास्ते में पीछे से बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी थी। जिससे मदनपाल गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी ले गए थे जहां से डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया था। बुधवार रात झांसी में मदनपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
शहर के मोहल्ला बजरंग चौक निवासी समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी अपने रिश्तेदार के साथ चरखारी से महोबा आ रहे थे। तभी बल्देव नगर के समीप सड़क पर एकाएक आए मवेशी को बचाने में बाइक फिसल गई। जिससे समाजसेवी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया लेकिन अस्पताल कर्मियों ने इलाज में लापरवाही बरती। समाजसेवी के उपचार में मनमानी किए जाने से मौजूद लोगों में आक्रोश दिखा और मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से किए जाने की बात कही।
कस्बा चरखारी निवासी गोपीनाथ साइकिल से घर वापस लौट रहा था तभी ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। गोपीनाथ को सीएचसी चरखारी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इसी तरह गोकुल (32 )निवासी सिजहरी, भूमि पत्नी पवन शर्मा निवासी भटीपुरा व बीजानगर निवासी रामहेत अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नही लगाए थे जिससे उनके सिर पर चोटें आई।