पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के अग्निहोत्रीपुरा में बुधवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए 50 हजार की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच की। पनवाड़ी क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं होने से लोगों में आक्रोश है।
अग्निहोत्रीपुरा निवासी धनीराम साहू कस्बे में परचून की दुकान किए है। देर शाम वह दुकान बंद करके बिक्री के रुपये लेकर घर चला गया। रात में भोजन करने के बाद परिवार के साथ कमरे में सो गया। रात के समय चोरों ने मकान के अंदर प्रवेश कर दूसरे कमरे का ताला तोड़ा। चोर बक्से में रखे 50 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, लॉकेट आदि आभूषण चोरी कर ले गए। गुरुवार की सुबह जब परिजन जागे ताला टूटा व माल गायब देख उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल थाना पनवाड़ी पुलिस को दी गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है। तीन दिन के अंदर महोबकंठ और कुलपहाड़ क्षेत्र में छह से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन एक का भी खुलासा न होने से चोर आए दिन घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।