चरखारी (महोबा)। चरखारी कोतवाली क्षेत्र के सोहजना गांव में घर के पास बैठे युवक को बोलेरो सवार बदमाश उठा ले गए। फोटो से चेहरे का मिलान न होने पर कुछ दूर जाकर मारपीट कर छोड़ दिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।
गांव का दिलीप और महेंद्र शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर के पास बैठे थे। कुछ देर बाद दिलीप घर चला गया। इसके बाद एक बोलेरो वहां आकर रुकी। छह असलहाधारी उतरे और महेंद्र को बोलेरो में डाल लिया। गांव के बाहर निकालकर मोबाइल में सेव फोटो से उसके चेहरे का मिलान किया। मिलान न होने पर बदमाशों ने महेंद्र को उतार दिया और भाग गए। महेंद्र ने चरखरी कोतवाली जाकर जानकारी दी। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश दिलीप का अपहरण करने आए थे। उसकी जगह महेंद्र को उठा लिया। महेंद्र व दिलीप मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई बुराई नहीं हैं। कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।