महोबा। आईटीआई मेें प्रवेश दिलाने के नाम पर छात्रों से ठगी के मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बेलाताल निवासी इरशाद, बिहार निवासी अजय राजपूत, मनोहर सिंह, नीरज, संजय, प्रशांत आदि ने तहरीर में बताया कि शहर के बजरंग चौक निवासी सौरभ मिश्रा ने आईटीआई चरखारी में प्रवेश दिलाने के एवज में 15 से 40 हजार रुपये लिए थे। फर्जी मुहर लगाकर रसीद भी दी थी। प्रवेश न मिलने पर रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। तीन दिन पहले पीड़ितों ने कोतवाली में हो-हल्ला मचाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।